तमिलनाडु की राजनीति में मंगलवार को उस समय भूचाल आ गया जब पूर्व उपमुख्यमंत्री और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन(Udhayanidhi Stalin) को उनके चेन्नई स्थित आवास से पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और बाद में गिरफ्तार किए जाने के दावे सामने आए। यह पूरा विवाद अभिनेत्री तृषा पर कथित भद्दी टिप्पणी और मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ दिए गए बयान से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, चेन्नई पुलिस बड़ी संख्या में उदयनिधि स्टालिन के आवास पहुंची और उन्हें हिरासत में लेने के बाद अपने साथ ले गई। इसी दौरान उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। कई जगहों पर डीएमके कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की भी खबरें सामने आई हैं।
रैली में मचा बवाल, तृषा का नाम आते ही बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि कावेरी जल विवाद को लेकर तंजावुर में आयोजित विरोध सभा में उदयनिधि स्टालिन(Udhayanidhi Stalin) मुख्यमंत्री विजय पर तीखा हमला बोल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु को कावेरी का उसका अधिकार नहीं मिला और सरकार पूरी तरह विफल रही।
इसी दौरान भीड़ से अभिनेत्री तृषा का नाम लेकर नारे लगाए गए। आरोप है कि इसके बाद उदयनिधि ने ऐसी टिप्पणी की जिसे कई लोगों ने अभिनेत्री के प्रति अपमानजनक और दोहरे अर्थ वाला बताया। भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से राजनीतिक विवाद में बदल गया।
FIR के बाद पुलिस का एक्शन
दावों के अनुसार, उदयनिधि स्टालिन(Udhayanidhi Stalin) के खिलाफ अभिनेत्री तृषा और मुख्यमंत्री विजय को लेकर कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें उनके घर से हिरासत में लिया। यह भी कहा जा रहा है कि उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए तंजावुर ले जाया जा सकता है, जहां अदालत में पेशी की कार्रवाई हो सकती है।
सड़कों पर उतरे समर्थक, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
उदयनिधि स्टालिन को पुलिस द्वारा ले जाए जाने की खबर फैलते ही डीएमके समर्थक सड़कों पर उतर आए। चेन्नई के ईसीआर मार्ग पर समर्थकों ने प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने की भी खबरें हैं।
TVK और BJP ने साधा निशाना
सत्तारूढ़ टीवीके और भाजपा ने उदयनिधि स्टालिन की कथित टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। दोनों दलों के नेताओं ने कहा कि किसी भी महिला या अभिनेत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती और कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
तमिलनाडु की राजनीति में बढ़ा सियासी तापमान
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब तमिलनाडु में कावेरी जल विवाद और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप पहले से ही चर्चा में हैं। उदयनिधि स्टालिन(Udhayanidhi Stalin) पर हुई कार्रवाई और उसके बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों ने राज्य की राजनीति को और गर्मा दिया है।