T20 World Cup: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला बांग्लादेश के समर्थन में एकजुटता दिखाने के लिए लिया गया है। यह पहली बार है जब पाकिस्तान की ओर से किसी शीर्ष सरकारी अधिकारी ने भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार की वजह सार्वजनिक तौर पर बताई है।
बुधवार को कैबिनेट को संबोधित करते हुए शहबाज शरीफ ने कहा, “हमने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बिल्कुल स्पष्ट रुख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे, क्योंकि खेल के मैदान पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। यह फैसला हमने सोच-समझकर लिया है और हमें पूरी मजबूती से बांग्लादेश के साथ खड़ा होना चाहिए। मेरे हिसाब से यह बिल्कुल सही कदम है।”
पाकिस्तान सरकार के पोस्ट पर आईसीसी की प्रतिक्रिया
इससे पहले रविवार (1 फरवरी) को पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगी। हालांकि, उस पोस्ट में बहिष्कार की वजह नहीं बताई गई थी। पीसीबी ने भी इस मुद्दे पर कोई औपचारिक बयान नहीं दिया, लेकिन पोस्ट के कुछ घंटों बाद आईसीसी ने प्रतिक्रिया जारी की।
पीसीबी ने अब तक नहीं दी आधिकारिक सूचना
आईसीसी ने कहा कि उसे उम्मीद है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने फैसलों के लंबी अवधि के प्रभावों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिसका पीसीबी खुद एक अहम हिस्सा और लाभार्थी है। आईसीसी ने यह भी साफ किया कि वह चाहती है कि पीसीबी सभी हितधारकों के हितों को ध्यान में रखकर कदम उठाए। फिलहाल, पीसीबी ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने की कोई आधिकारिक जानकारी आईसीसी को नहीं दी है।
मोहसिन नकवी का आईसीसी पर आरोप
पीसीबी प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने को लेकर आईसीसी पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। बांग्लादेश को टूर्नामेंट से इसलिए हटाया गया क्योंकि उसकी सरकार ने टीम को भारत जाने की अनुमति नहीं दी थी। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने अपने मैच सह-मेजबान श्रीलंका में कराने की मांग की थी, जहां पाकिस्तान भी अपने सभी मैच खेलने वाला है।
आईसीसी बोर्ड का फैसला
आईसीसी बोर्ड ने बांग्लादेश के मैचों को श्रीलंका में रीशेड्यूल करने के प्रस्ताव के खिलाफ 14-2 से मतदान किया। बांग्लादेश के समर्थन में केवल पाकिस्तान ने वोट दिया। इसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया। नकवी ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत के पाकिस्तान आने से इनकार का हवाला देते हुए कहा, “आप दोहरे मापदंड नहीं अपना सकते। एक देश को उसकी मर्जी की छूट दी जाए और दूसरों को उससे उलटा करने को कहा जाए, यह गलत है। इसी वजह से हमने यह कदम उठाया है और साफ कर दिया है कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है। उन्हें वर्ल्ड कप में खेलना चाहिए, क्योंकि वे क्रिकेट के अहम हितधारक हैं।”
यह भी पढ़े: भारत से खेलने से इनकार पर ICC का सख्त रुख, PCB पर मंडराया कार्रवाई का खतरा