T20 World Cup 2026: आज टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेलेगी। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक मुकाबला हार चुकी है, जबकि अमेरिका और वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उसे कड़ी चुनौती मिली थी। अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड के पांच ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टीम इंडिया के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ लगाया शतक
1. हैरी ब्रूक: 27 वर्षीय हैरी ब्रूक पहली बार किसी ICC टूर्नामेंट में इंग्लैंड की कप्तानी कर रहे हैं। ग्रुप स्टेज में वेस्टइंडीज के खिलाफ हार के बाद उन्होंने सुपर-8 में टीम को लगातार तीन जीत दिलाकर सेमीफाइनल में पहुंचाया। पाकिस्तान के खिलाफ रन चेज करते हुए उन्होंने शानदार शतक जड़ा और टीम को जीत दिलाई। इस टूर्नामेंट में ब्रूक ने एक सेंचुरी और एक अर्धशतक की मदद से 228 रन बनाए हैं और वे टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
ब्रूक को मौजूदा दौर में विश्व क्रिकेट के उभरते सितारों में गिना जाता है। 2022 में इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद वे तीनों फॉर्मेट में 1000 से ज्यादा रन बना चुके हैं और तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं।
भारत के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड
2. जोस बटलर: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में अब तक खास नहीं रहा है और वे एक भी बार 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सके हैं। इसके बावजूद भारत के खिलाफ मौजूदा इंग्लिश टीम में सबसे ज्यादा टी-20 रन उनके नाम हैं। बटलर ने 5 अर्धशतकों की मदद से भारत के खिलाफ 644 रन बनाए हैं।
2022 के टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भी बटलर ने 49 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेलकर भारत के खिलाफ इंग्लैंड को जीत दिलाई थी। हालांकि हालिया मैचों में उनका फॉर्म खराब रहा है, लेकिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच उनके लिए वापसी का मौका बन सकती है।
मौके के हिसाब से खेलने वाले ऑलराउंडर
3. सैम करन: इंग्लैंड के 2022 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने में सैम करन का अहम योगदान रहा था और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। हालांकि 2023 और 2024 में उनका फॉर्म अच्छा नहीं रहा, लेकिन 2025 में उन्होंने वापसी करते हुए UAE की ILT20 लीग में डेजर्ट वाइपर्स की कप्तानी करते हुए टीम को चैंपियन बनाया।
करन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम के लिए उपयोगी साबित होते हैं। नेपाल के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने आखिरी ओवर में 10 रन बचाकर टीम को 4 रन से जीत दिलाई थी। जरूरत पड़ने पर वे मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी से भी टीम को संभालने की क्षमता रखते हैं।
ऑलराउंड प्रदर्शन से पलट सकते हैं मैच
4. विल जैक्स: इंग्लैंड की टी-20 टीम को मजबूत बनाने में उसके ऑलराउंडर्स का बड़ा योगदान है और विल जैक्स भी उसी कड़ी का हिस्सा हैं। फ्रेंचाइजी और घरेलू क्रिकेट में वे टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन इंग्लैंड के लिए नंबर-7 पर उतरते हैं और इस भूमिका में कई अहम पारियां खेल चुके हैं।
जैक्स अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। इस टूर्नामेंट में उन्होंने कई बार अहम मौकों पर विकेट लेकर टीम को फायदा पहुंचाया है। भारत की टीम ऑफ स्पिन के खिलाफ थोड़ी संघर्ष करती नजर आई है, ऐसे में जैक्स भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं।
तेज गेंदबाजी से कर सकते हैं नुकसान
5. जोफ्रा आर्चर: टूर्नामेंट में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट स्पिनर आदिल रशीद और लियम डॉसन ने लिए हैं, लेकिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच तेज गेंदबाजों के लिए भी मददगार मानी जाती है। ऐसे में इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर नई गेंद से भारत के लिए खतरा साबित हो सकते हैं।
आर्चर इस टूर्नामेंट में 10 विकेट ले चुके हैं और भारत के खिलाफ 11 टी-20 मैचों में 14 विकेट उनके नाम हैं। उनकी तेज रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है। खासकर आक्रामक बल्लेबाजों के लिए उनकी गेंदबाजी मुश्किल खड़ी कर सकती है।