Sidharth Malhotra Father Death: बॉलीवुड अभिनेता Sidharth Malhotra के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन हो गया है। एक्टर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की। पिता को अंतिम विदाई देने के लिए सिद्धार्थ तुरंत परिवार संग दिल्ली पहुंचे, जहां उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। बताया जा रहा है कि इस कठिन समय में वह कुछ दिन परिवार के साथ दिल्ली में ही रहेंगे।
पिता की याद में भावुक पोस्ट
सिद्धार्थ ने अपने पिता के साथ कुछ तस्वीरें साझा करते हुए एक लंबा भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि उनके पिता सच्चे, ईमानदार और अपने संस्कारों से जुड़े व्यक्ति थे, जिन्होंने हमेशा अपने सिद्धांतों पर जीवन जिया। वह अनुशासित जरूर थे, लेकिन सख्त नहीं; मजबूत थे, मगर अहंकार से दूर। उन्होंने लिखा कि मर्चेंट नेवी के कैप्टन के रूप में समुद्रों का नेतृत्व करने से लेकर बीमारी का साहस के साथ सामना करने तक, उनके पिता ने कभी हार नहीं मानी और अपनी गरिमा बनाए रखी।
“आपकी ईमानदारी मेरी विरासत है”
अभिनेता ने आगे लिखा कि उनके पिता की ईमानदारी और सकारात्मक सोच ही उनकी सबसे बड़ी विरासत है। “पापा, आपकी ताकत मुझे हर दिन राह दिखाती है। आप नींद में शांतिपूर्वक हमें छोड़कर चले गए, लेकिन आपका खालीपन कभी नहीं भर पाएगा। मैं जो भी हूं, आपकी वजह से हूं और आपके मूल्यों को हमेशा आगे ले जाऊंगा। लव यू पापा।”
यह भी पढे: Salman Khan के पिता सलीम खान अस्पताल में भर्ती, आईसीयू में चल रहा ट्रीटमेंट
पिता को मानते थे अपना हीरो
सिद्धार्थ कई मौकों पर अपने पिता को अपना असली हीरो बता चुके हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उनके पापा ही उनके जीवन के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। सुनील मल्होत्रा मर्चेंट नेवी में पूर्व कप्तान रहे थे और सिद्धार्थ के मुताबिक अनुशासन व मेहनत का महत्व उन्होंने अपने पिता से ही सीखा।