Saudi Arabia Missile Attack: आवासीय परिसर पर हमले में भारतीय की मौत? भारत सरकार ने दिया जवाब

Saudi Arabia Missile Attack: ईरान अपने पड़ोसी देशों के अमेरिकी एयरबेस को निशाना बना रहा है। ईरान की कुछ मिसाइलें सऊदी अरब के आवासीय परिसर में भी गिर रही हैं। अरब में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं।

Saudi Arabia Missile Attack: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण मिडिल ईस्ट में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच पड़ोसी देश ईरान ने सऊदी अरब की ओर कई मिसाइलें दागीं। इस हमले के बाद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही थी, क्योंकि खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं। इस बीच भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि सऊदी अरब में एक रिहायशी परिसर पर हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है। यह जानकारी रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को दी।

दो बांग्लादेशी नागरिकों की मौत, 11 घायल

भारतीय दूतावास के अनुसार, रविवार को हुई इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं ‘सऊदी सिविल डिफेंस’ ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पुष्टि हुई है कि इस हमले में मारे गए दोनों लोग बांग्लादेशी नागरिक थे। इसके अलावा 11 घायल भी बांग्लादेश के हैं, जबकि एक घायल भारतीय नागरिक है।

भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अल खर्ज में रविवार शाम हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय नागरिक की जान नहीं गई है, जो राहत की बात है। दूतावास ने यह भी बताया कि वह इस मामले में सऊदी प्रशासन के संपर्क में है। काउंसलर (सामुदायिक कल्याण) वाई. साबिर ने रविवार रात अल खर्ज का दौरा किया और अस्पताल में भर्ती घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। घायल व्यक्ति का इलाज अल खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है।

पहले आई थी अलग जानकारी

इससे पहले रविवार को सऊदी प्रशासन ने जानकारी दी थी कि अल खर्ज में एक कंपनी के आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय भी शामिल बताया गया था। हालांकि उस समय मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी।

ईरान की जवाबी कार्रवाई से बढ़ा तनाव

गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। यह कदम ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर नए समझौते के लिए दबाव बढ़ाने की रणनीति के तहत उठाया गया था। इसके जवाब में ईरान ने कई हमले किए हैं, जिससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

 

Saudi Arabia Missile Attack
Comments (0)
Add Comment