Sanju Samson Record: 1 मार्च को खेले गए वर्चुअल क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने दबाव भरे मैच में नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस मैच विनिंग इनिंग के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। सैमसन ने अपनी पारी में कुल 16 बाउंड्रीज जड़ीं, जिनमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
सैमसन ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड
इस पारी के साथ ही संजू सैमसन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 41 गेंदों में 92 रन बनाए थे और उस पारी में 15 बाउंड्रीज (7 चौके, 8 छक्के) लगाए थे। सैमसन ने 16 बाउंड्रीज के साथ यह रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
इस खास सूची में कौन-कौन शामिल?
टी20 वर्ल्ड कप की एक पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से सूर्यकुमार यादव और सुरेश रैना हैं। सुरेश रैना ने 2010 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 101 रन की पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 14 बाउंड्रीज लगाईं।
वहीं सूर्यकुमार यादव ने इसी वर्ल्ड कप में अमेरिका के खिलाफ 84 रन बनाते हुए 14 बाउंड्रीज जड़ी थीं। इसके बाद ईशान किशन का नाम आता है, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन की पारी के दौरान 13 बाउंड्रीज लगाई थीं।
पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक टीम इंडिया का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र हार के अलावा भारत ने बाकी सभी मुकाबले अपने नाम किए हैं। सेमीफाइनल में पहुंचकर टीम इंडिया खिताब से अब सिर्फ दो कदम दूर है। खिताब बचाने के लिए उसे सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबले जीतने होंगे। भारत का अगला मुकाबला इंग्लैंड से 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।