Salman Khan के पिता सलीम खान को 17 फरवरी की सुबह मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। भर्ती होने की वजह को लेकर शुरुआती तौर पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी, लेकिन बाद में उनका इलाज कर रहे डॉक्टर ने उनकी सेहत को लेकर बयान जारी किया। परिवार की प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए बताया गया कि चार अलग-अलग स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। साथ ही यह भी कहा गया कि जल्द ही एक ऑफिशियल हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाएगा।
डॉक्टर ने क्या कहा?
इलाज कर रहे डॉक्टर जलील पारकर ने जानकारी देते हुए बताया कि सलीम खान को सुबह करीब 8:30 बजे ICU में भर्ती किया गया। उन्हें उनके फैमिली डॉक्टर डॉ. संदीप चोपड़ा इमरजेंसी में लेकर आए थे, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया और बाद में उन्हें पहली मंजिल के इंटेंसिव केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया।
डॉक्टरों की टीम में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन, न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और डॉ. बिनीत अहलूवालिया शामिल हैं। सभी विशेषज्ञ मिलकर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
कब आएगा हेल्थ बुलेटिन?
डॉ. पारकर ने आगे बताया कि परिवार के अनुरोध पर फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा रही है। हालांकि, रिश्तेदारों की सहमति के बाद अगले दिन सुबह 11 बजे एक प्रेस बुलेटिन जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सलीम खान की हालत फिलहाल स्टेबल है, लेकिन उनके क्लिनिकल स्टेटस पर करीबी निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़े: ‘PDA समाज के साथ अन्याय’, अखिलेश यादव का चुनावी प्रक्रिया पर हमला
अस्पताल पहुंचे परिवार के सदस्य
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद परिवार के सदस्य उनसे मिलने पहुंचे। सलमान खान को सुबह अस्पताल के बाहर देखा गया, जहां वह भारी सिक्योरिटी के बीच सीधे अपनी कार की ओर बढ़ते नजर आए। इसके अलावा सलमा खान, हेलेन, अरबाज खान अपनी पत्नी शूरा खान के साथ, मलाइका और अरबाज के बेटे अरहान खान, अलवीरा अग्निहोत्री, उनके पति अतुल अग्निहोत्री और सलीम खान के दामाद आयुष शर्मा भी लीलावती हॉस्पिटल पहुंचे। परिवार लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।