Sahil Accident Case: किसकी लापरवाही से गई साहिल की जान? आरोपी के पिता का बयान आया सामने

Sahil Accident Case: के सड़क हादसे में साहिल की मौत का मामला सुर्खियों में है। साहिल धनेश्रा की मां इन्ना माकन ने रोते हुए लोगों से मदद की अपील की है। साथ ही पुलिस-प्रशासन से न्याय की मांग की है।

Sahil Accident Case: 3 फरवरी को दिल्ली के द्वारका इलाके में हुई सड़क दुर्घटना में साहिल की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कॉर्पियो चला रहा नाबालिग, तेज रफ्तार, ओवरटेक की कोशिश या रील बनाने का ट्रेंड, आखिर जिम्मेदार कौन है? इस दर्दनाक हादसे के बाद साहिल की मां इन्ना माकन का रोते हुए मदद की अपील वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे मामला सुर्खियों में आ गया। अब इस घटना को लेकर आरोपी पक्ष का बयान भी सामने आया है।

आरोपी के पिता नरेंद्र सिंह ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि हादसे के दिन वे दिल्ली में नहीं थे। उनके मुताबिक, 31 जनवरी को वे कारोबारी काम से गोरखपुर के पास कुशीनगर गए थे और 3 फरवरी को भी वहीं मौजूद थे। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी को फोन पर जानकारी मिली कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। पत्नी ने घबराकर उन्हें फोन किया, जिसके बाद वे भी चिंतित हो गए।

नरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने तुरंत पत्नी से पूछा कि क्या हुआ और कैसे हुआ। उन्होंने पत्नी से कहा कि जिस बाइक सवार को टक्कर लगी है, उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया जाए। इसके बाद उन्होंने तत्काल फ्लाइट बुक की और शाम करीब 6 बजे दिल्ली पहुंचे। दिल्ली पहुंचते ही वे सीधे थाने गए, जहां पुलिस ने उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी।

यह भी पढ़े: भारत-बांग्लादेश रिश्तों में नई हलचल, तारिक रहमान को मिला दिल्ली आने का निमंत्रण

उन्होंने कहा कि थाने में कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने जो भी दस्तावेज या जानकारी मांगी, उन्होंने उपलब्ध कराई। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि थाने में मौजूद कुछ लोग उन्हें धमका रहे थे। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि साहिल की मौत से उन्हें गहरा दुख है और उन्होंने इस घटना पर अफसोस जताया। अब यह मामला जांच के दायरे में है और यह देखना होगा कि इस हादसे की असली वजह क्या थी और जिम्मेदारी किस पर तय होती है।

 

Sahil Accident Case
Comments (0)
Add Comment