गणतंत्र दिवस पर साजिश नाकाम, खालिस्तानी पन्नून से जुड़े 2 स्लीपर सेल दिल्ली से गिरफ्तार

Khalistani Pannu: दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नून से जुड़े दो स्लीपर सेल सदस्य बलजींदर और रोहित को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों कनाडा से मिले निर्देशों पर प्रतिबंधित संगठन SFJ के लिए राजधानी में खालिस्तान समर्थक नारे लिख रहे थे।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी में खालिस्तान समर्थक नारे लिखकर अशांति फैलाने की साजिश का खुलासा किया है। इस मामले में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू (Khalistani Pannu) से जुड़े दो स्लीपर सेल सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलजींदर, जो दिल्ली में एम्बुलेंस ड्राइवर है, और उसके साथी रोहित उर्फ कीरत के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि यह पूरी साजिश कनाडा से रची गई थी, जहां पन्नून का एक करीबी सहयोगी दोनों आरोपियों को निर्देश दे रहा था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के संस्थापक और कनाडा में रह रहे खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने दिल्ली में “खालिस्तान जिंदाबाद” जैसे भड़काऊ नारे लिखवाने के लिए आरोपियों को दो लाख रुपये का लालच दिया था। बताया गया है कि टिलक नगर निवासी इस साजिश का मास्टरमाइंड हाल ही में कनाडा गया था और वह सीधे पन्नू के संपर्क में था। गिरफ्तारियां उन दो घटनाओं से जुड़ी हैं, जिनमें गणतंत्र दिवस समारोह से पहले सार्वजनिक स्थानों पर प्रो-खालिस्तान नारे लिखे गए थे, ताकि कानून-व्यवस्था को प्रभावित किया जा सके।

पन्नू के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पन्नू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले पन्नून ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि उसके स्लीपर सेल ने रोहिणी और डबरी इलाकों में प्रो-खालिस्तान पोस्टर लगाए हैं। 23 जनवरी को दर्ज एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 197, 152 और 61 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, एफआईआर पन्नू के उस वीडियो के बाद दर्ज की गई, जिसमें उसने दिल्ली में अशांति फैलाने की धमकी दी थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी स्थानीय निवासी हैं, लेकिन वे विदेशी हैंडलर्स के इशारों पर काम कर रहे थे। इस पूरे मामले में कनाडा कनेक्शन मजबूत रूप से उभरकर सामने आया है।

इन गिरफ्तारियों से गणतंत्र दिवस की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली है, क्योंकि राजधानी में पहले से ही 30 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री फोर्स की 70 कंपनियां तैनात थीं। गौरतलब है कि पन्नून भारत में प्रतिबंधित संगठन SFJ का प्रमुख है और वह पहले भी कई बार भारत विरोधी धमकियां दे चुका है। भारत सरकार उसे आतंकी घोषित कर चुकी है और उसके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। यह कार्रवाई खालिस्तानी तत्वों के उस स्लीपर सेल नेटवर्क को उजागर करती है, जो विदेश से संचालित होकर देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है।

 

 

Khalistani Pannu
Comments (0)
Add Comment