RCB vs SRH: Indian Premier League के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले से पहले नजर डालते हैं कि आईपीएल इतिहास में इन दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड कैसा रहा है। दोनों टीमों के पास इस सीजन कई मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं, ऐसे में फैंस को एक रोमांचक और हाई-वोल्टेज मैच की उम्मीद है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड कैसा रहा
आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल में हमेशा कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। अब तक दोनों टीमें कुल 25 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें हैदराबाद ने 13 मैच जीते हैं, जबकि बेंगलुरु 11 मुकाबलों में जीत दर्ज कर पाई है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।
अगर चिन्नास्वामी स्टेडियम की बात करें तो यहां दोनों टीमों के बीच 9 मैच खेले गए हैं। इनमें से आरसीबी ने अपने घरेलू मैदान पर 5 बार जीत हासिल की है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को यहां सिर्फ 3 मैचों में सफलता मिली है।
पिछले मुकाबले का नतीजा
दोनों टीमों के बीच आखिरी भिड़ंत आईपीएल 2025 में हुई थी, जिसमें हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिला। इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 400 से ज्यादा रन बनाए थे। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 94 रन की पारी खेली थी, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 231 रन बनाए थे।
232 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की टीम 189 रन पर ऑलआउट हो गई और पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। इस मैच में फिल साल्ट ने 62 रन और विराट कोहली ने 43 रन बनाए, लेकिन मिडिल ऑर्डर के फ्लॉप रहने के कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा।