Punjab News: पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार सुबह मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 5-6 गोलियां लक्की ओबेरॉय को लगीं। उनके रिश्तेदार कुलदीप ओबेरॉय ने उनकी मौत की पुष्टि की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लक्की ओबेरॉय उस समय अपनी थार गाड़ी में सवार थे, तभी अचानक हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और आसपास की दुकानों के शटर गिरा दिए गए। गंभीर रूप से घायल लक्की को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से गोलियों के कई खोखे बरामद किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर आपसी रंजिश या राजनीतिक कारणों से हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गौरतलब है कि लक्की ओबेरॉय, जालंधर कैंट हल्के की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा के करीबी माने जाते थे। उनकी पत्नी ने हाल ही में आम आदमी पार्टी के टिकट पर निगम चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस घटना के बाद जालंधर शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है।