PM Modi Meerut Visit: प्रधानमंत्री मोदीआज रविवार को मेरठ को आधुनिक यातायात की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मेरठ मेट्रो और Namo Bharat Train के विस्तारित खंड का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना के शुरू होने से लंबा सफर अब करीब 50 मिनट में तय किया जा सकेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पीएम सुबह 11:50 बजे सफदरजंग एयरपोर्ट से रवाना होकर दोपहर 12:20 बजे मेरठ पहुंचेंगे। शताब्दी नगर स्टेशन से वे देश की पहली रीजनल रैपिड रेल सिस्टम और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। उद्घाटन के बाद वे एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सीएम योगी
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले Yogi Adityanath ने शनिवार को मेरठ पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने शताब्दी नगर और मेरठ साउथ स्टेशन का निरीक्षण किया और उस मंच का अवलोकन किया, जहां से ट्रेनों को रवाना किया जाएगा। मोहिउद्दीनपुर स्थित जनसभा स्थल पर भी सुरक्षा और अन्य इंतजामों की जांच की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारू रहे और लोगों को जाम का सामना न करना पड़े।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित प्रणाली
नई मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस बताया जा रहा है। शताब्दी नगर स्टेशन को विशेष रूप से सजाया गया है और प्लेटफॉर्म पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम से ट्रेनों की शुरुआत होगी। समीक्षा बैठक के दौरान स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और स्टॉल्स का भी निरीक्षण किया गया। यह आधुनिक रेल नेटवर्क समय की बचत के साथ-साथ मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी नई रफ्तार देगा।
जनसभा के लिए विशेष इंतजाम
उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आने-जाने, पार्किंग और भोजन-पानी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह दौरा मेरठ के बुनियादी ढांचे और परिवहन व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।