PM Modi Instagram Followers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया की दुनिया में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वह इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले पहले बड़े वैश्विक नेता और राजनेता बन गए हैं। पिछले दस वर्षों में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट विश्व नेताओं के बीच सबसे प्रभावशाली डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में शुमार हो चुका है।
दिलचस्प बात यह है कि फॉलोअर्स के मामले में पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी काफी आगे हैं। ट्रंप के इंस्टाग्राम पर करीब 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जो मोदी के मुकाबले आधे से भी कम हैं।
वर्ल्ड लीडर्स की रैंकिंग में कौन कहां?
इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के आधार पर ट्रंप दूसरे स्थान पर हैं। उनके बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबावो सुबियांतो लगभग 15 मिलियन फॉलोअर्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा करीब 14.4 मिलियन फॉलोअर्स के साथ चौथे नंबर पर हैं। तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन के 11.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जबकि अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के लगभग 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
भारत में भी बड़ा अंतर
भारत के भीतर भी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी की लोकप्रियता बाकी नेताओं से काफी आगे है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग 16.1 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के करीब 12.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
100 मिलियन फॉलोअर्स का यह आंकड़ा न केवल पीएम मोदी की वैश्विक पहुंच को दर्शाता है, बल्कि खासकर युवाओं के बीच उनकी डिजिटल लोकप्रियता को भी रेखांकित करता है। दिसंबर 2025 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी विश्व के चुनिंदा नेताओं में सबसे ऊंची लोकप्रियता रेटिंग रखने वालों में शामिल रहे हैं।