PM Modi In Assam: असम में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल तेज हो गया है और सभी दल जोर-शोर से तैयारी में जुटे हैं। इसी बीच नरेंद्र मोदी आज असम दौरे पर पहुंचे। गोगामुख में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य ने तेजी से विकास किया है और जनता एक बार फिर भाजपा-एनडीए गठबंधन पर भरोसा जताने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि इस बार असम में भाजपा की जीत की हैट्रिक तय है।
धेमाजी में भी दोहराया जीत का दावा
धेमाजी में आयोजित रैली में पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद यह उनकी पहली जनसभा है और यहां उमड़ी भीड़, युवाओं का जोश और महिलाओं का समर्थन इस बात का संकेत है कि भाजपा की जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में जनता ने तीसरी बार मौका दिया, उसी तरह असम में भी भाजपा सरकार तीसरी बार बनने जा रही है।
विकास और सुशासन का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले सर्वानंद सोनोवाल और फिर हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य में पिछले एक दशक में सेवा और सुशासन का नया दौर देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव ‘विकसित असम’ से ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार उसकी हार की भी हैट्रिक तय है।
संकल्प पत्र को बताया ‘मंगलकारी’
पीएम मोदी ने भाजपा के संकल्प पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि इसे मंगलवार को जारी किया गया, जो असम के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि इसमें महिलाओं की सुरक्षा, बेटियों के सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई अहम घोषणाएं की गई हैं। इसके अलावा Uniform Civil Code लागू करने और आदिवासी समाज तथा छठी अनुसूची क्षेत्रों की परंपराओं को संरक्षित करने जैसे महत्वपूर्ण वादे भी शामिल हैं। उन्होंने दोहराया कि भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा करके दिखाती है।