PAK vs NZ Colombo Weather: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण का पहला मुकाबला 21 फरवरी को कोलंबो के R. Premadasa Stadium में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट का 41वां मैच होगा। दोनों टीमें जीत के साथ इस चरण की शुरुआत कर सेमीफाइनल की दिशा में बढ़त बनाना चाहेंगी। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को एक-एक हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान को अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ हार मिली थी, जबकि न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका ने मात दी थी। इसके बावजूद दोनों टीमें सुपर-8 में जगह बनाने में सफल रहीं।
बारिश डाल सकती है खलल
सुपर-8 के इस अहम मुकाबले पर मौसम का साया मंडरा रहा है। कोलंबो में पहले भी कई मैच बारिश के कारण प्रभावित या रद्द हो चुके हैं। ऐसे में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस मैच पर भी बारिश का खतरा बना हुआ है। अगर मुकाबला धुलता है, तो इसका असर दोनों टीमों की सेमीफाइनल की उम्मीदों पर पड़ सकता है।
मैच रद्द हुआ तो क्या होगा समीकरण?
यदि बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो पाता और रद्द घोषित किया जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक बांट दिए जाएंगे। अंक साझा होने की स्थिति में सेमीफाइनल की दौड़ और कठिन हो सकती है। इस ग्रुप में इंग्लैंड और श्रीलंका भी शामिल हैं, इसलिए आगे के मुकाबले निर्णायक बन जाएंगे। अगर पाकिस्तान या न्यूजीलैंड में से कोई भी टीम अपना अगला मैच हार जाती है, तो टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा बढ़ सकता है।
कोलंबो का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग और पूर्वानुमान वेबसाइट्स के अनुसार 21 फरवरी को कोलंबो में बारिश की प्रबल संभावना है। दोपहर के समय मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है, जबकि शाम 7 बजे से शुरू होने वाले मैच के दौरान बारिश की आशंका थोड़ी कम बताई जा रही है। हालांकि बीच-बीच में हल्की या रुक-रुक कर बारिश मैच को प्रभावित कर सकती है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह हाई-वोल्टेज मुकाबला बिना मौसम की बाधा के पूरा हो पाएगा या नहीं।