Bangladesh Tarique Rahman: Om Birla ने मंगलवार (17 फरवरी) को रहमान से मुलाकात कर उन्हें प्रधानमंत्री Narendra Modi का व्यक्तिगत बधाई संदेश सौंपा। ओम बिरला, विदेश सचिव Vikram Misri के साथ भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मालदीव के राष्ट्रपति, भूटान के प्रधानमंत्री सहित कई अन्य नेताओं से भी बातचीत की।
दिल्ली आने का न्योता
ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के साथ उनकी सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का पत्र सौंपते हुए रहमान को जल्द भारत आने का निमंत्रण भी दिया। बिरला ने कहा कि उन्होंने भारत की जनता की ओर से शुभकामनाएं दीं और दोनों पड़ोसी देशों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने भी पुष्टि की कि दोनों नेताओं ने जनहित आधारित सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई और आपसी संबंधों को नई दिशा देने की उम्मीद व्यक्त की।
मोहम्मद यूनुस का अंतरिम कार्यकाल समाप्त
रहमान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही Muhammad Yunus के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार का करीब 18 महीनों का कार्यकाल समाप्त हो गया। इस अवधि में बांग्लादेश राजनीतिक अस्थिरता के दौर से गुजरता रहा। शपथ ग्रहण समारोह जातीय संसद के साउथ प्लाजा परिसर में आयोजित हुआ, जहां बांग्लादेश के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के बाद रहमान ने पद और गोपनीयता की शपथ से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
यह भी पढ़े: ‘मैं गांधीवादी हूं, नेहरूवादी हूं लेकिन राहुलवादी नहीं’, Mani Shankar Aiyar का बड़ा बयान
दक्षिण एशिया के नेता रहे मौजूद
रहमान पहली बार प्रधानमंत्री बने हैं और उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा। राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने समारोह में 25 मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। कार्यक्रम में दक्षिण एशिया के कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। माना जा रहा है कि नई सरकार के गठन के साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों में एक नई शुरुआत देखने को मिल सकती है।