New Delhi: राजधानी के रोहिणी सेक्टर-17 में मंगलवार शाम एक बदमाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात करीब शाम 7 बजे हुई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जिस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
गैंगवार का एंगल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साहिल कथित तौर पर गोगी गैंग से जुड़ा था। शुरुआती आशंका है कि इस हमले के पीछे टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटरों का हाथ हो सकता है। जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
टिल्लू ताजपुरिया गैंग का इतिहास
दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय यह गैंग लंबे समय से रंगदारी, हत्या, जमीन कब्जाने, अपहरण और अवैध हथियारों के इस्तेमाल जैसे गंभीर अपराधों के लिए बदनाम रहा है। गैंग का नाम इसके सरगना टिल्लू ताजपुरिया के नाम पर पड़ा, जिसकी बाद में हत्या हो चुकी है, लेकिन उसके सहयोगी अब भी उसके नाम से गैंग को संचालित कर रहे हैं।
साल 2021 में रोहिणी कोर्ट परिसर में जितेंद्र गोगी की हत्या के मामले में टिल्लू ताजपुरिया का नाम सामने आया था। इसके बाद 2 मई 2023 को तिहाड़ जेल के अंदर टिल्लू की हत्या कर दी गई, जिसका आरोप गोगी गैंग के सदस्यों पर लगा।
पुरानी रंजिश
टिल्लू और गोगी गैंग के बीच 2010 से गैंगवार चली आ रही है। दोनों गुटों के बीच अब तक 50 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। ताजा घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि राजधानी में गैंगवार की घटनाओं पर आखिर कब लगाम लगेगी।