लेकिन अब मोनालिसा ने अपने पुराने बयानों से यू-टर्न ले लिया है। फरमान खान से शादी करने के बाद उनके तेवर पूरी तरह बदल गए हैं। उन्होंने स्क्रीनराइटर-डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर मारपीट और दुर्व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। कोच्चि में अपने पति फरमान खान के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा ने दावा किया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उन पर दबाव बनाया जा रहा है।
सनोज मिश्रा पर लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कथित घटनाएं नेपाल और देहरादून में फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के दौरान हुईं। अपने अनुभव साझा करते हुए मोनालिसा ने कहा कि सनोज मिश्रा अच्छे इंसान नहीं हैं और उन्होंने सेट पर कई बार उनके साथ बदसलूकी की। मोनालिसा के मुताबिक, उन्होंने उन्हें पकड़कर गलत तरीके से छुआ और ऐसा दो बार हुआ। उन्होंने यह बात अपने परिवार को भी बताई, लेकिन किसी ने उनका साथ नहीं दिया।
मोनालिसा ने कहा कि जब उन्होंने परिवार को बताया, तो उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया और कहा कि यह उनकी पहली फिल्म है। उनके मुताबिक, परिवार को सिर्फ पैसों की चिंता थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सनोज मिश्रा फिल्म के बजट को लेकर भी गलत जानकारी देते थे और मीडिया में बदनाम करने की धमकी देते थे।
पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की?
मोनालिसा ने आगे आरोप लगाया कि सनोज मिश्रा कम उम्र की लड़कियों को फिल्मों के नाम पर फंसाते हैं और उनके साथ छेड़छाड़ करते हैं। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने पहले पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की, तो उन्होंने कहा कि वह ऐसा करना चाहती थीं, लेकिन उनके परिवार ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का साथ न मिलने के कारण वह कुछ नहीं कर सकीं। अब उन्होंने सरकार से मदद की अपील की है। उनका कहना है कि उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और उनके पोस्टर तक जलाए जा रहे हैं।
शादी के बाद बढ़ा विवाद
मोनालिसा ने यह भी आरोप लगाया कि सनोज मिश्रा उनकी निजी जिंदगी में दखल दे रहे हैं, खासकर उनकी शादी के बाद। उनका दावा है कि वे इस मामले को ‘लव जिहाद’ का रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर सफाई देते हुए मोनालिसा ने कहा कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की है और सभी धर्मों का सम्मान करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति फरमान खान ने कभी उन पर धर्म बदलने का दबाव नहीं बनाया।
मोनालिसा ने कब की शादी?
बताया जाता है कि मोनालिसा ने 11 मार्च को केरल के तिरुवनंतपुरम के थंपानूर में फरमान खान से शादी की। उन्होंने मीडिया को बताया कि उनका परिवार इस शादी के खिलाफ था और उनकी जबरन कहीं और शादी कराने की कोशिश कर रहा था। ऐसे में उन्होंने खुद यह फैसला लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अपने पिता विजय सिंह भोसले के साथ जाने से इनकार कर दिया था। बाद में पुलिस ने उनके पिता को बताया कि चूंकि मोनालिसा बालिग हैं, इसलिए उन्हें अपना जीवनसाथी चुनने का पूरा कानूनी अधिकार है।