Mahashivratri 2026: देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम बदलने लगा है और ठंड अब विदा लेने की ओर है। ऐसे में महाशिवरात्रि को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। इसी माहौल के बीच साउथ कोरियन पॉप स्टार Aoora ने अपने नए ट्रैक ‘शिवा शिवम’ की झलक साझा कर त्योहार का रंग और गहरा कर दिया है। इस खास प्रस्तुति में उन्होंने भगवान शिव को समर्पित ट्रांस म्यूजिक को ‘शिव तांडव’ की धुनों के साथ पिरोया है। गाने का वीडियो भी सामने आया है, जो पूरी तरह शिव भक्ति पर आधारित है।
कौन हैं Aoora?
Aoora का असली नाम पार्क मिन-जुन है। 1986 में जन्मे मिन-जुन पिछले एक दशक से ज्यादा समय से सिंगर, रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर के रूप में सक्रिय हैं। वे भारतीय संस्कृति और संगीत से खास लगाव रखते हैं। इससे पहले भी वे भारतीय लोकधुनों और बॉलीवुड गानों पर अपने अंदाज में काम कर चुके हैं। वे रियलिटी शो Bigg Boss 17 में नजर आ चुके हैं और एक डांसिंग रियलिटी शो का भी हिस्सा रहे हैं। भारत में बिताए अपने समय को वे अक्सर खास बताते हैं और यहां के दर्शकों से मिले प्यार के लिए आभार जताते हैं।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
गाने की झलक उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि भारत आने की तीसरी सालगिरह उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने दिल्ली में पहली बार कदम रखने के अनुभव को याद करते हुए भारतीय प्रशंसकों का धन्यवाद किया। उनके मुताबिक, यह ट्रैक सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक प्रार्थना है, जो दिल से निकली है और उन सभी लोगों को समर्पित है जिन्होंने उनकी इस यात्रा में साथ दिया।वीडियो में Aoora ने ऊर्जावान डांस मूव्स के जरिए शिव भक्ति का अनोखा रूप पेश किया है। महाशिवरात्रि के मौके पर भक्ति और आधुनिक संगीत का यह संगम दर्शकों को खासा पसंद आ रहा है।