Lucknow Upper Caste Protest: राजधानी Lucknow में शनिवार (21 फरवरी) को परिवर्तन चौक पर सवर्ण मोर्चा के बैनर तले यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सवर्ण मोर्चा के सदस्य शुरुआत में परिवर्तन चौक पर शांतिपूर्वक धरने पर बैठे और यूजीसी के ताजा नियमों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने शंखनाद कर अपना विरोध जताया और कहा कि नए नियम सवर्ण समाज के हितों के विपरीत हैं, इसलिए इन्हें तुरंत वापस लिया जाए।
अलंकार अग्निहोत्री भी पहुंचे प्रदर्शन में
हाल ही में सरकारी सेवा से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री भी इस विरोध में शामिल हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने परिवर्तन चौक से मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़कर नारे लगाने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और कई लोगों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए इको गार्डन भेज दिया।
भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया। वहीं सवर्ण मोर्चा के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल परिवर्तन चौक पर भारी पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।