कई राज्यों में कमर्शियल LPG की सप्लाई प्रभावित
सरकार के इस फैसले का असर अब कई राज्यों में दिखाई देने लगा है। Delhi, Maharashtra और Karnataka सहित देश के कई हिस्सों में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई लगभग ठप हो गई है। इसका सीधा असर छोटे-बड़े होटल और रेस्टोरेंट पर पड़ा है। कई स्थानों पर गैस की कमी के कारण होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं, जबकि हजारों कारोबार बंद होने के खतरे का सामना कर रहे हैं।
दिल्ली में एजेंसियों के पास नहीं पहुंच रही गैस
राजधानी दिल्ली में कई छोटी गैस एजेंसियों तक कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बंद हो गई है। एक गैस एजेंसी मालिक ने बताया कि अब कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं आ रही, इसलिए ग्राहकों को गैस देना संभव नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों में घबराहट का माहौल बन रहा है और कई ग्राहक एजेंसियों पर शिकायत करने पहुंच रहे हैं।
उधर उपभोक्ताओं की परेशानी भी बढ़ गई है। एक ग्राहक ने बताया कि घरेलू सिलेंडर 15 दिनों में ही खत्म हो गया, लेकिन 25 दिन का अंतराल पूरा न होने के कारण नया सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसियों के बाहर नोटिस लगा दिए गए हैं कि होटल, ढाबा और अन्य व्यवसायों को कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई फिलहाल बंद है, जबकि घरेलू सिलेंडर भी केवल 25 दिन पूरे होने के बाद ही दिया जाएगा।
मुंबई में 20% होटल बंद
Mumbai में होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के संगठन Aahar ने दावा किया है कि गैस की कमी के कारण अब तक करीब 20 प्रतिशत होटल बंद हो चुके हैं। संगठन का कहना है कि अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो अगले 2–3 दिनों में लगभग आधे होटल बंद होने की नौबत आ सकती है।आहार ने इस संबंध में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri को पत्र लिखकर चिंता जताई है। यह संगठन करीब 8000 छोटे रेस्टोरेंट, परमिट रूम और होटलों का प्रतिनिधित्व करता है और महाराष्ट्र के लगभग 65 संगठनों से जुड़ा है।
कर्नाटक में भी संकट गहराया
Karnataka में भी रेस्टोरेंट मालिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य में करीब एक लाख होटल और रेस्टोरेंट हैं और एक मध्यम आकार के रेस्टोरेंट को रोजाना लगभग छह कमर्शियल सिलेंडर की जरूरत होती है। आम तौर पर रेस्टोरेंट एक दिन का अतिरिक्त स्टॉक रखते हैं, लेकिन सोमवार से तेल कंपनियों ने अचानक कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी।
रेस्टोरेंट मालिकों के पास फिलहाल सीमित स्टॉक बचा है। अगर जल्द आपूर्ति नहीं हुई तो स्थिति गंभीर हो सकती है। Bengaluru में लकड़ी या कोयले से खाना बनाना प्रतिबंधित है, इसलिए यहां करीब 40 हजार रेस्टोरेंट बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास केवल चार दिन का स्टॉक बचा है। एक सिलेंडर की आधिकारिक कीमत करीब 1950 रुपये है, लेकिन ब्लैक मार्केट में यह 3000 रुपये तक बिक रहा है।
जयपुर में भी सप्लाई में देरी
Jaipur में भी एलपीजी की आपूर्ति धीमी पड़ गई है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट मालिक चिंतित हैं। उनका कहना है कि सप्लाई रुकने से कामकाज पर असर पड़ रहा है। वहीं गैस वितरकों का कहना है कि गोदामों में ही सिलेंडर नहीं पहुंच रहे, इसलिए वे मांग पूरी नहीं कर पा रहे हैं। Federation of Hotel Association Rajasthan के गजेंद्र लूनीवाल ने कहा कि स्थिति अब तनावपूर्ण हो गई है। उनका कहना है कि अगर जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो होटल और रेस्टोरेंट चलाना मुश्किल हो जाएगा और कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा।