Anthropic AI tool impact: बुधवार की सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए खासतौर पर आईटी सेक्टर से बेहद खराब संकेत लेकर आई। आज यानी 4 फरवरी को जैसे ही बाजार खुला, IT शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली। इंफोसिस, टीसीएस और विप्रो जैसे दिग्गज शेयर खुलते ही 6 से 7 फीसदी तक लुढ़क गए, जिससे पूरे सेक्टर में अफरा-तफरी मच गई। इस तेज गिरावट की जड़ अमेरिका से आई एक ऐसी खबर है, जिसने वैश्विक टेक मार्केट को हिला कर रख दिया है।
असल में, अमेरिकी AI कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने हाल ही में अपना एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल लॉन्च किया है। यह टूल डेटा एनालिसिस और डॉक्यूमेंट रिव्यू जैसे काम बेहद कम समय में कर सकता है। इसी वजह से बाजार में यह आशंका बढ़ गई है कि AI आने वाले समय में पारंपरिक सॉफ्टवेयर और IT सर्विस बिजनेस के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। एक्सपर्ट्स इस स्थिति को ‘SaaSpocalypse’ कह रहे हैं, यानी AI के कारण सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में बड़ी उथल-पुथल।
Infosys, TCS से लेकर LTIMindtree तक धड़ाम
बीएसई पर LTIMindtree और पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के शेयरों में 7.5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। टेक महिंद्रा करीब 6.55 फीसदी और HCL टेक लगभग 6.40 फीसदी टूट गया। वहीं विप्रो में 6.57 फीसदी, टीसीएस में करीब 6 फीसदी और हेक्सावेयर में 5.29 फीसदी तक की गिरावट देखी गई।
IT इंडेक्स भी बुरी तरह फिसला
आईटी सेक्टर पर दबाव इतना ज्यादा रहा कि BSE IT Index करीब 5.83 फीसदी गिरकर 34,984 के आसपास आ गया। इस गिरावट का सबसे ज्यादा असर मिडकैप IT शेयरों पर दिखा, जहां कई स्टॉक्स 4 से 7 फीसदी तक टूट गए। माना जा रहा है कि स्टॉप-लॉस ट्रिगर होते ही ट्रेडर्स ने तेजी से बिकवाली की, जिससे गिरावट और गहरी हो गई। सुबह के कारोबार में निफ्टी IT इंडेक्स भी सबसे कमजोर सेक्टरों में शामिल रहा। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि AI से जुड़ी ऐसी खबरों के चलते फिलहाल IT शेयरों में अस्थिरता बनी रह सकती है।
Anthropic के AI टूल से IT कंपनियों की चिंता बढ़ी
आईटी शेयरों पर बढ़ते दबाव की एक बड़ी वजह Anthropic कंपनी का नया AI टूल माना जा रहा है। इस टूल की मदद से अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, डेटा एनालिसिस और कई तरह के बैक-ऑफिस काम बेहद आसानी और कम समय में किए जा सकते हैं। अमेरिका और यूरोप की जिन बड़ी कंपनियों का काम अब तक भारतीय IT कंपनियों को आउटसोर्स होता था, उन्हें डर है कि वही काम अब AI टूल्स कम लागत में और ज्यादा तेजी से कर पाएंगे। इसी आशंका के चलते बड़े निवेशकों ने IT शेयरों से पैसा निकालकर दूसरे सुरक्षित सेक्टर्स में लगाना शुरू कर दिया है।
Infosys और Wipro के ADR भी फिसले
इस डर का असर तब और साफ दिखा जब अमेरिका में लिस्टेड भारतीय IT कंपनियों Infosys और Wipro के ADR यानी वहां ट्रेड होने वाले शेयर रातों-रात तेज गिरावट के साथ बंद हुए। ADR में कमजोरी का मतलब आमतौर पर यह माना जाता है कि अगले कारोबारी दिन भारत में भी शेयरों पर दबाव देखने को मिल सकता है। यही कारण रहा कि जैसे ही घरेलू बाजार खुले, IT स्टॉक्स में जोरदार बिकवाली शुरू हो गई।
IT शेयरों में आगे भी रह सकती है अस्थिरता
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल IT सेक्टर में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। निवेशक अब इस बात पर नजर रखे हुए हैं कि अमेरिका में टेक खर्च कब सुधरता है, AI का बिजनेस मॉडल पर कितना असर पड़ता है और भारतीय IT कंपनियां नई डील्स हासिल करने में कितनी सफल रहती हैं। हालांकि जानकार यह भी कहते हैं कि IT कंपनियां क्लाउड, ऑटोमेशन और AI से जुड़ी नई सर्विसेज पर तेजी से काम कर रही हैं, लेकिन बाजार को यह भरोसा मिलने में अभी समय लगेगा कि लंबी अवधि की ग्रोथ बरकरार रहेगी। फिलहाल बाजार में घबराहट का माहौल है और IT शेयरों में लगातार बिकवाली देखी जा रही है। ऐसे में एक्सपर्ट्स निवेशकों को सलाह दे रहे हैं कि जल्दबाजी में कोई फैसला न लें, क्योंकि आने वाले कुछ दिनों तक आईटी सेक्टर में भारी उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।