Iran Us War: ईरान ने अमेरिकी युद्धपोत पर दागी मिसाइल, बोला- ‘रेंज में आए तो खत्म कर देंगे’

Iran Us War: ईरान ने भूमध्यमहासागर में अमेरिका के युद्धपोत (5वें बेडे़) यूएसएस अब्राहम लिंकन को एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल के हमले में निशाना बनाया है।

Iran Us War: ईरान ने भूमध्य सागर में अमेरिका के युद्धपोत (5वें बेड़े) USS Abraham Lincoln को एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाने का दावा किया है। सामने आए एक वीडियो में ईरानी मिसाइल इस युद्धपोत पर हमला करती दिखाई दे रही है। इसके साथ ही ईरान ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी भी दी है। ईरानी नौसेना के कमांडर रियर एडमिरल शहराम ईरानी ने कहा कि उनकी सेना लगातार इस विमानवाहक पोत की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “हम यूएसएस अब्राहम लिंकन की हर हरकत को मॉनिटर कर रहे हैं। जैसे ही यह हमारे मिसाइल सिस्टम की रेंज में आएगा, हम इस पर जोरदार और निर्णायक हमला करेंगे।”

अमेरिकी युद्धपोत पर ईरान की कड़ी नजर

ईरानी नौसेना प्रमुख ने दोहराया कि अमेरिकी युद्धपोत उनकी निगरानी में है और बस उसके रेंज में आने की देर है, जिसके बाद उसे नष्ट कर दिया जाएगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका क्षेत्र में ईरान पर सैन्य दबाव बढ़ा रहा है और अतिरिक्त सैनिकों के साथ युद्धपोत तैनात कर रहा है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप की ओर से 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव भी सामने आया है। एडमिरल ईरानी ने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की आक्रामक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और देश अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।

‘हमारी ताकत को कम मत आंकिए’

ईरान ने कहा कि विरोधी उसकी सैन्य क्षमता और इच्छाशक्ति को कम करके न आंकें। एडमिरल ईरानी ने बताया कि ईरानी नौसेना आधुनिक मिसाइल सिस्टम और तटीय रक्षा हथियारों से लैस है, जो बड़े से बड़े युद्धपोत को निशाना बनाने में सक्षम हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि अब्राहम लिंकन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप ईरानी जलक्षेत्र या मिसाइल रेंज के करीब आया, तो उसे भारी नुकसान झेलना पड़ेगा।

यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। ईरान पहले भी अमेरिकी ठिकानों और युद्धपोतों पर हमले का दावा कर चुका है, हालांकि अमेरिका ने इन दावों को खारिज किया है।

जवाब देने के लिए तैयार ईरान

एडमिरल ईरानी ने कहा, “जैसे हमने पहले दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है, वैसे ही आगे भी देने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने ईरानी सेना की एकजुटता और मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पूरा देश अपनी रक्षा के लिए खड़ा है। विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान ईरान के सख्त रुख को दर्शाता है। क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी बढ़ने के बीच ईरान स्पष्ट संकेत दे रहा है कि वह किसी भी आक्रामक कदम का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

Iran US War
Comments (0)
Add Comment