Iran Israel War: खामेनेई की पत्नी मंसूरेह का निधन, दो दिन पहले इजराइली हमलों में हुई थीं घायल

Iran Israel War: खामेनेई की पत्नी मंसूरे खोजस्ते बागेरज़ादेह की भी मौत की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक अमेरिका और इजरायल की ओर से की गई संयुक्त कार्रवाई में खामेनेई की मौत हो गई थी. जबकि उनकी पत्नी घायल हो गई थीं। इलाज के दौरान उनकी मौत हुई है।

Iran Israel War: ईरान से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी-इजरायली संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei की मौत के बाद अब उनकी पत्नी मंसूरेह खोजस्ते बागेरज़ादेह का भी निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वह उसी हमले में गंभीर रूप से घायल हुई थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया।

हमले के समय साथ थीं मंसूरेह

79 वर्षीय मंसूरेह खोजस्ते बागेरज़ादेह का जन्म ईरान के मशहद शहर में हुआ था। वह इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) के पूर्व उप-निदेशक हसन खोजस्ते बागेरज़ादेह की बहन थीं। बताया गया है कि जिस समय तेहरान स्थित परिसर में अमेरिका और इजरायल द्वारा हमला किया गया, उस दौरान वह अपने पति खामेनेई के साथ मौजूद थीं। हमले में उसी दिन खामेनेई की मौत हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में उनकी बेटी और दामाद की भी जान गई।

संयुक्त हमले के बाद बढ़ा तनाव

शनिवार को मिडिल ईस्ट में हालात तब और बिगड़ गए जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान के कई ठिकानों पर समन्वित हमले किए। इन हमलों में खामेनेई के कार्यालय को भी निशाना बनाया गया। अगले दिन खामेनेई की मौत की पुष्टि हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने दावा किया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल विकास गतिविधियों को जारी रखे हुए है, जो अमेरिका के लिए खतरा बन सकती हैं।

एक वीडियो संदेश में उन्होंने ईरानी जनता से मौजूदा शासन के खिलाफ आवाज उठाने और नई व्यवस्था की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील भी की। वहीं, हमलों के बाद ईरान ने भी कई खाड़ी देशों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

 

Iran Israel War
Comments (0)
Add Comment