Iran Israel War: इजरायल की ओर ईरान ने दागीं कई मिसाइलें, मिडिल ईस्ट में जवाबी हमले से हलचल

Iran Israel War: ईरान ने इजरायल पर जवाबी मिसाइल हमले का वीडियो जारी किया है, जिसमें एक के बाद एक कई मिसाइलें लॉन्च होती दिख रही हैं। ईरान ने दावा किया कि उसने तेल अवीव के पास खुफिया और संचार केंद्र को भी निशाना बनाया है। वहीं इजरायल और अमेरिका ईरान के ठिकानों, तेल डिपो और सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले कर रहे हैं।

Iran Israel War: मध्य पूर्व में चल रहा संघर्ष अब 12वें दिन में पहुंच चुका है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। इसी बीच Iran ने Israel पर किए गए अपने जवाबी हमले का एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में कई मिसाइलें एक के बाद एक दागी जाती दिखाई दे रही हैं और कुछ ही देर बाद जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई देती है। ईरान का कहना है कि यह हमला इजरायल की कार्रवाई के जवाब में किया गया है, हालांकि मिसाइलों का सटीक निशाना अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान लगातार इजरायल की ओर मिसाइलें दागता रहा है।

इजरायल का खुफिया केंद्र तबाह- ईरान का दावा

ईरान ने दावा किया है कि उसने इजरायल के एक अहम संचार और खुफिया केंद्र को नष्ट कर दिया है। यह सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेंटर तेल अवीव के दक्षिण में स्थित हाइला क्षेत्र में बताया जा रहा है। Islamic Revolutionary Guard Corps के मुताबिक ड्रोन से किए गए हमले में इस केंद्र का कंट्रोल रूम पूरी तरह तबाह हो गया। दूसरी ओर इजरायल ने भी हमले तेज कर दिए हैं। इजरायली सेना ईरान के अलावा Lebanon में मौजूद Hezbollah के ठिकानों को निशाना बना रही है। इसी कड़ी में लेबनान की राजधानी Beirut के दक्षिणी हिस्से में हिजबुल्लाह की आर्थिक इकाई Al-Qard Al-Hassan पर भी हमला किया गया।

इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच भी तेज लड़ाई

इजरायल का कहना है कि हवाई हमलों के साथ-साथ जमीनी सैनिक भी हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। वहीं हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने उत्तरी इजरायल में तैनात सैनिकों पर रॉकेट दागे हैं। उधर ईरान में भी हमलों का सिलसिला जारी है। इजरायली और अमेरिकी सेनाएं ईरान के तेल भंडार और अहम ढांचे को निशाना बना रही हैं। हाल ही में Tehran में एक और ऑयल डिपो पर हमला किया गया, जिसके बाद वहां से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई दिया। इससे पहले भी ऐसे हमलों के कारण कई दिनों तक आग लगी रही थी।

इस्फहान एयरबेस की तस्वीरें सामने आईं

ईरान के Bonab शहर में पुलिस मुख्यालय पर भी जोरदार हमला हुआ है। यहां लगातार तीन धमाके किए गए, जिनकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। हालांकि अभी तक किसी तरह के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच हमलों के बाद सैटेलाइट तस्वीरें भी सामने आई हैं। Isfahan के खातामाई एयरबेस की तस्वीरों में पुराने Grumman F-14 Tomcat लड़ाकू विमान खड़े दिखाई दे रहे हैं। दुनिया में ईरान ही ऐसा देश है जो अब भी इन जेट्स का इस्तेमाल करता है।

न्यूक्लियर साइट पर चल रही तेज खुदाई

बताया जाता है कि 1970 के दशक में ईरान ने अमेरिका से करीब 75 एफ-14 फाइटर जेट खरीदे थे। Iranian Revolution के बाद ये विमान Islamic Revolutionary Guard Corps के नियंत्रण में आ गए। अब अमेरिका और इजरायल इन्हें भी निशाना बना रहे हैं। जंग के बीच ईरान की परमाणु गतिविधियों को लेकर भी नई तस्वीरें सामने आई हैं। Isfahan की एक परमाणु साइट पर तेजी से खुदाई होती दिख रही है, जहां कई जगह सुरंगें बनाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि यह काम साइट को मजबूत करने और संभावित हवाई हमलों से बचाने के लिए किया जा रहा है।

 

Iran Israel War
Comments (0)
Add Comment