IPL 2026: Indian Premier League 2026 से पहले Royal Challengers Bengaluru फ्रेंचाइजी में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीम को नया मालिक मिल गया है। आदित्य बिरला ग्रुप के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम ने RCB को करीब 16,706 करोड़ रुपये में खरीद लिया है, जिससे यह आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी टीम बन गई है। इस डील में Aditya Birla Group के साथ टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, ब्लैकस्टोन इन्वेस्टमेंट ग्रुप और बोल्ट वेंचर्स भी शामिल हैं।
RR का पूर्व खिलाड़ी बना RCB का चेयरमैन
फ्रेंचाइजी के मैनेजमेंट की जिम्मेदारी आर्यमान बिरला को सौंपी गई है, जिन्हें RCB का चेयरमैन बनाया गया है। 28 वर्षीय आर्यमान, कुमार मंगलम बिरला के बेटे हैं। खास बात यह है कि बिजनेस में कदम रखने से पहले आर्यमान क्रिकेटर रह चुके हैं और इस खेल में उनका अच्छा प्रदर्शन भी रहा है।
आईपीएल ऑक्शन से जुड़ा सफर
यह कहानी आईपीएल 2018 के मेगा ऑक्शन से जुड़ी है, जब आर्यमान बिरला ने खुद को नीलामी के लिए रजिस्टर किया था। उस दौरान Rajasthan Royals ने उन्हें उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिल सका। बाद में 2020 सीजन से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया, लेकिन वह RR के पूर्व खिलाड़ी के रूप में पहचाने जाने लगे।
क्यों छोड़ा क्रिकेट?
आर्यमान बिरला घरेलू क्रिकेट में रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ियों के साथ खेल चुके हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश की ओर से घरेलू क्रिकेट खेला और 9 फर्स्ट-क्लास मैचों में 414 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। साल 2019 में उन्होंने महज 21 साल की उम्र में मानसिक स्वास्थ्य कारणों से क्रिकेट छोड़ने का फैसला लिया। उनका कहना था कि प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का दबाव उन पर काफी असर डाल रहा था, इसलिए उन्होंने ब्रेक लिया और उसके बाद क्रिकेट में वापसी नहीं की।