India AI Impact Summit 2026: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट (India AI Impact Summit) के दौरान यूथ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भारत-अमेरिका ट्रेड डील (Trade Deal) के खिलाफ केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत (Custody) में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है। इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। संगठन ने आरोप लगाया कि सरकार की विदेश नीति (Foreign Policy) में झुकाव और कॉरपोरेट दबाव हावी है।
पोस्ट में कहा गया कि “देश की अस्मिता (Dignity) से कोई समझौता नहीं होगा” और इसी मुद्दे को उजागर करने के लिए कार्यकर्ता समिट स्थल पर पहुंचे थे। वहीं, बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भारत एक वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन (Global AI Summit) की मेजबानी कर रहा है, तब कांग्रेस ने गरिमा बनाए रखने के बजाय कार्यक्रम में व्यवधान डालने का रास्ता चुना। उनके मुताबिक, राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन देश की अंतरराष्ट्रीय छवि (Global Image) को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी कांग्रेस की आलोचना करते हुए इसे देश विरोधी कदम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के प्रदर्शन से भारत की छवि को नुकसान पहुंचता है और यह देश के विकास के खिलाफ मानसिकता को दर्शाता है।