IND vs ZIM: जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया की दमदार जीत, सेमीफाइनल से बस एक कदम दूर

IND vs ZIM: भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के मुकाबले को एकतरफा 72 रनों से अपने नाम करने के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने की तरफ अपने कदम बढ़ा दिए हैं।

IND vs ZIM: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका से मिली पिछली हार को पीछे छोड़ते हुए जिम्बाब्वे पर 72 रनों की प्रभावशाली जीत दर्ज की। इस जीत से भारत के नेट रनरेट में भी बड़ा सुधार हुआ। चेन्नई के M. A. Chidambaram Stadium में खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। इस हार के साथ जिम्बाब्वे की सेमीफाइनल की उम्मीदें खत्म हो गईं, जबकि भारत को अंतिम चार में जगह पक्की करने के लिए अब 1 मार्च को कोलकाता के Eden Gardens में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मुकाबला जीतना होगा।

अर्शदीप की घातक गेंदबाजी

जिम्बाब्वे की पारी की शुरुआत ब्रायन बेनेट और मरुमानी ने संभलकर की और पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। सातवें ओवर में अक्षर पटेल ने मरुमानी (20) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद डिओन मेयर्स ज्यादा देर टिक नहीं सके और 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा के बीच तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी जरूर हुई, लेकिन बढ़ते लक्ष्य के दबाव में टीम मुकाबले से दूर होती गई। सिकंदर रजा ने 31 रन बनाए, जबकि बेनेट 97 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट हासिल किए। वहीं वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।

अभिषेक और हार्दिक की दमदार पारियां

भारतीय बल्लेबाजी इस मैच में पूरी लय में नजर आई। अभिषेक शर्मा, जो पिछले चार मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे, उन्होंने 30 गेंदों में 55 रन बनाकर शानदार वापसी की। हार्दिक पांड्या ने फिनिशर की भूमिका निभाते हुए 23 गेंदों पर 50 रन जड़े। तिलक वर्मा ने भी आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 16 गेंदों में 44 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत भारत ने बड़ा स्कोर खड़ा किया और मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बनाए रखी।

 

IND vs ZIM
Comments (0)
Add Comment