IND vs ZIM: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम ने चेन्नई के M. A. Chidambaram Stadium में जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबला खेलते हुए पहले बल्लेबाजी की। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करते हुए अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक जड़ा, जबकि हार्दिक पांड्या ने भी तेज तर्रार फिफ्टी लगाई। कप्तान Suryakumar Yadav ने 33 रनों की उपयोगी पारी खेली, जो उनके करियर के लिए खास साबित हुई।
इंटरनेशनल क्रिकेट में 4000 रन पूरे
सूर्यकुमार यादव इस मैच में भले ही पचासा नहीं बना सके, लेकिन उनका आक्रामक अंदाज देखने लायक रहा। उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में 33 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। इसी पारी के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 4000 रन पूरे कर लिए। अब तक 148 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके सूर्यकुमार ने 140 पारियों में 34.1 की औसत से 4024 रन बनाए हैं। उनके नाम चार शतक और 29 अर्धशतक दर्ज हैं।
हार्दिक और तिलक ने भी जमाया रंग
इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने भी लंबे इंतजार के बाद बड़ी पारी खेली। उन्होंने 23 गेंदों पर 50 रन नाबाद बनाए, जिसमें दो चौके और चार छक्के शामिल थे। वहीं तिलक वर्मा को बदले हुए बल्लेबाजी क्रम में उतारा गया और उन्होंने इस फैसले को सही साबित करते हुए 16 गेंदों पर नाबाद 44 रन ठोक दिए। उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। भारत की इस दमदार बल्लेबाजी ने मुकाबले में मजबूत स्थिति बना दी।