IND vs ZIM: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वह कर दिखाया, जो वह अब तक इस टूर्नामेंट में नहीं कर पाए थे। खराब फॉर्म से जूझ रहे इस बाएं हाथ के ओपनर से विरोधी टीम को आक्रामक शुरुआत की उम्मीद नहीं थी, लेकिन चेन्नई में तस्वीर पूरी तरह बदल गई। अभिषेक ने शानदार वापसी करते हुए विस्फोटक पारी खेली और अपने नाम अहम उपलब्धि दर्ज की।
चौकों-छक्कों की बराबर बरसात
अभिषेक ने शुरुआत से ही जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने अपनी पहचान के अनुरूप आक्रामक बल्लेबाजी की और मैदान के चारों ओर शॉट लगाए। खास बात यह रही कि उन्होंने जितने चौके लगाए, उतने ही छक्के भी जड़े। 30 गेंदों की पारी में उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के ठोके, जिससे रनगति लगातार तेज बनी रही।
वर्ल्ड कप में पहली बार फिफ्टी प्लस स्कोर
अभिषेक शर्मा ने 183.33 की स्ट्राइक रेट से 30 गेंदों पर 55 रन बनाए। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का नौवां अर्धशतक रहा, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार उन्होंने 50 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया। इस पारी ने न सिर्फ उनकी फॉर्म में वापसी कराई, बल्कि टीम को भी मजबूत शुरुआत दी।
साझेदारियों से मजबूत नींव
अभिषेक ने अपनी पारी के दौरान महत्वपूर्ण साझेदारियां भी निभाईं। उन्होंने संजू सैमसन के साथ मिलकर 48 रन जोड़े, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप रही। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन के साथ 72 रनों की अहम साझेदारी की। इस साझेदारी में ईशान ने 38 रन बनाए, जबकि अभिषेक का योगदान 33 रन का रहा। साथ ही, तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव के साथ 30 रन जोड़कर उन्होंने पारी को मजबूती दी। अभिषेक की यह पारी भारत के लिए मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।