IND vs USA: भारतीय क्रिकेट टीम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत यूएसए के खिलाफ मुकाबले से कर रही है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस हारने के बाद टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला, जहां प्लेइंग इलेवन में एक ऐसा प्रयोग देखने को मिला, जो इससे पहले कभी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर नहीं आया था। भारतीय टीम ने टॉप ऑर्डर में पूरी तरह बाएं हाथ के बल्लेबाजों पर भरोसा जताया।
टी20 में पहली बार टॉप-3 में तीनों बाएं हाथ के बल्लेबाज
यूएसए के खिलाफ इस मुकाबले में भारत की ओर से ओपनिंग के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन उतरे, जबकि नंबर-3 पर तिलक वर्मा बल्लेबाजी करने आए। इस तरह टीम इंडिया के टॉप-3 बल्लेबाज सभी बाएं हाथ के रहे, जो टी20 इंटरनेशनल इतिहास में पहली बार देखने को मिला है। इससे पहले भारतीय टीम में ऐसा संयोजन केवल वनडे क्रिकेट में देखने को मिला था, जब साल 1999 में दो मुकाबलों में टॉप-3 बल्लेबाज बाएं हाथ के थे।
अभिषेक-ईशान की जोड़ी खास लिस्ट में शामिल
अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की ओपनिंग जोड़ी टी20 इंटरनेशनल में भारत की चौथी ऐसी जोड़ी बन गई है, जिसमें दोनों बल्लेबाज बाएं हाथ के हैं। इससे पहले शिखर धवन-पार्थिव पटेल, गौतम गंभीर-इरफान पठान (दो बार) और ईशान किशन-ऋषभ पंत (दो बार) इस सूची में शामिल रह चुके हैं। वहीं टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह भारत की केवल दूसरी ऐसी ओपनिंग जोड़ी है, जिसमें दोनों बल्लेबाज बाएं हाथ के हैं।
बल्लेबाजी में टीम इंडिया का खराब प्रदर्शन
हालांकि इस ऐतिहासिक फैसले के बावजूद भारतीय टीम की बल्लेबाजी बेहद कमजोर नजर आई। पावरप्ले के दौरान भारत ने सिर्फ 46 रन पर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। 10 ओवर के खेल के बाद टीम इंडिया का स्कोर महज 63 रन रहा। यह आंकड़ा साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद घरेलू मैदानों पर खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत का अब तक का सबसे कम स्कोर है, जो 18 मैचों में पहली बार देखने को मिला।