IND vs PAK Match: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने जा रही है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान ने बड़ा फैसला लेते हुए 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। पाकिस्तान सरकार ने अपनी पुरुष क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ खेलने की अनुमति नहीं दी है। हालांकि, इस फैसले का असर महिला क्रिकेट पर नहीं पड़ा है। इसी दिन भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच मुकाबला खेला जाना है।
15 फरवरी को इंडिया ए बनाम पाकिस्तान ए मैच
13 फरवरी से ACC महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट की शुरुआत हो रही है। इस टूर्नामेंट में भी भारत A और पाकिस्तान A महिला टीमों के बीच मुकाबला तय है। पाकिस्तान महिला A टीम 15 फरवरी को भारत महिला A के खिलाफ खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह मैच थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में खेला जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया, उसी दिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने महिला एशिया कप के लिए अपने स्क्वॉड का भी ऐलान किया था। हालांकि, पीसीबी ने महिला टीम को लेकर किसी तरह के बहिष्कार का निर्देश नहीं दिया।
मैच की टाइमिंग क्या होगी?
महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टी20 टूर्नामेंट बैंकॉक में आयोजित किया जा रहा है। भारत A और पाकिस्तान A के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी को भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। वहीं, अगर पुरुष टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो भारत और पाकिस्तान का मुकाबला उसी दिन शाम 7 बजे खेला जाना था। यानी महिला टीमों का मैच पुरुषों के मुकाबले से पहले होगा।
बीसीसीआई ने भी किया स्क्वॉड का ऐलान
बीसीसीआई ने महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टूर्नामेंट में राधा यादव को कप्तान बनाया गया है। वहीं, लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली अनुष्का शर्मा को भी टीम में जगह मिली है। यह टूर्नामेंट 13 से 22 फरवरी के बीच खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज में भारतीय महिला टीम का सामना
-
यूएई से 13 फरवरी को,
-
पाकिस्तान A से 15 फरवरी को और
-
नेपाल से 17 फरवरी को होगा।
भारत महिला A टीम (राइजिंग स्टार्स एशिया कप)
हुमैरा काजी, वृंदा दिनेश, अनुष्का शर्मा, दीया यादव, तेजल हसब्निस, नंदनी कश्यप (विकेटकीपर), ममता एम (विकेटकीपर), राधा यादव (कप्तान), सोनिया मेंढिया, मिन्नू मणि, तनुजा कंवर, प्रेमा रावत, साइमा ठाकोर, जिन्तामणि कलिता और नंदिनी शर्मा।