IND vs NED: भारतीय टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में एक अलग ही वजह से चर्चा में रहे। अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में जब वह बल्लेबाजी के लिए उतरे तो उन्होंने अपने साथी मोहम्मद सिराज की जर्सी पहन रखी थी। स्टेडियम में मौजूद दर्शक और टीवी पर मैच देख रहे फैंस इस नजारे को देखकर हैरान रह गए।
क्यों पहनी दूसरी जर्सी?
कप्तान सूर्यकुमार यादव द्वारा पहले बल्लेबाजी चुनने के बाद अभिषेक को मैदान पर आने में थोड़ी देरी हुई। शुरुआत में उन्हें अर्शदीप सिंह की किट में देखा गया, लेकिन बाद में उन्होंने सिराज की जर्सी पहन ली। कमेंट्री के दौरान नासिर हुसैन और सुनील गावस्कर ने बताया कि अभिषेक अपनी आधिकारिक जर्सी टीम होटल में भूल आए थे, इसलिए उन्हें साथी खिलाड़ी की जर्सी पहननी पड़ी।
‘लक’ भी नहीं बदल सका किस्मत
हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने अंदाजा लगाया कि अमेरिका और पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दो बार शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने किस्मत बदलने के लिए जर्सी बदली होगी। लेकिन नई जर्सी भी उनके लिए शुभ साबित नहीं हुई। वह नीदरलैंड्स के ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त की गेंद पर लगातार तीसरी बार बिना खाता खोले आउट हो गए।
आर्यन दत्त की रणनीति
आर्यन दत्त ने बड़ी समझदारी से गेंदबाजी की। शुरुआती दो गेंदों में उन्होंने अभिषेक को क्रीज से बाहर निकलने पर मजबूर किया। इसके बाद तेज रफ्तार स्लाइडर डालकर उन्हें चकमा दिया। बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अभिषेक ने गलत टाइमिंग के साथ पुल खेलने का प्रयास किया और क्लीन बोल्ड हो गए।
शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज
इस आउट के साथ अभिषेक टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार तीन पारियों में डक पर आउट होने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी के लिए यह निराशाजनक शुरुआत रही, क्योंकि टूर्नामेंट में अब तक उनका खाता नहीं खुल सका है।