IND vs ENG: सेमीफाइनल में भी फ्लॉप अभिषेक शर्मा, फैंस ने सोशल मीडिया पर बना डाले मीम्स

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें टॉस हारने के बाद टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही है। इस मैच में भारतीय टीम के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा सिर्फ 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

IND vs ENG: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। टॉस हारने के बाद टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला और भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। हालांकि इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से फैंस को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर भी उनका बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए।

बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में गंवाया विकेट

इंग्लैंड के खिलाफ अहम सेमीफाइनल में अभिषेक शर्मा ने शुरुआत तो संभलकर की, लेकिन दूसरे ही ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। इंग्लैंड के गेंदबाज विल जैक्स की गेंद पर वह 7 गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस पूरे टूर्नामेंट में अभिषेक का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। उनके बल्ले से अब तक केवल एक अर्धशतक निकला है, जो जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में आया था। इसके अलावा वह लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए, जबकि अन्य मुकाबलों में 10 और 15 रन ही बना सके। ऐसे में उनके खराब फॉर्म को लेकर फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ लगातार सवाल उठा रहे हैं। सेमीफाइनल में आउट होने के बाद सोशल मीडिया पर भी अभिषेक शर्मा को लेकर मीम्स की बाढ़ आ गई और फैंस ने मजाकिया अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी।

सैमसन और दुबे ने संभाली पारी

जहां एक ओर अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए, वहीं दूसरी ओर संजू सैमसन और शिवम दुबे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शिवम दुबे ने भी तेज खेल दिखाते हुए 25 गेंदों में 43 रन बनाए। इसके अलावा ईशान किशन ने 39 रन का योगदान दिया, जबकि हार्दिक पांड्या ने 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन जोड़े, जिसकी बदौलत भारत 253 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।

 

IND vs ENG
Comments (0)
Add Comment