Gold-Silver Price Today: भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति और टैरिफ में 18 फीसदी कटौती का असर अब शेयर बाजार के साथ-साथ कमोडिटी बाजार में भी दिखने लगा है। बीते पांच कारोबारी दिनों से लगातार गिरावट के बाद आज सोने और चांदी की कीमतों में फिर से तेजी दर्ज की गई। सोने के दाम में करीब ₹6,050 की बढ़त देखने को मिली है, जिससे इसका भाव बढ़कर ₹1,49,200 प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं चांदी में करीब 9 फीसदी की तेजी आई और इसके दाम ₹20,940 उछलकर ₹2,54,200 प्रति किलो पहुंच गए।
पहले भारी गिरावट देखी गई थी
इससे पहले सोमवार (02 फरवरी) को सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी लगातार तीसरे दिन टूटकर ₹52,000 गिर गई थी और इसका भाव ₹2.60 लाख प्रति किलो तक आ गया था। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में चांदी अपने 29 जनवरी के उच्च स्तर से करीब 36 फीसदी नीचे आ गई थी। वहीं 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी उस दिन ₹12,800 टूटकर ₹1,52,700 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी की कीमतों (Gold-Silver Price Today) में तेज उछाल देखा गया। मंगलवार सुबह कॉमेक्स पर कारोबार के दौरान सोना करीब 137 डॉलर यानी लगभग 3 फीसदी चढ़कर $4,789 प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी में और भी ज्यादा तेजी देखने को मिली। इसके दाम 5.81 फीसदी या करीब $4.4 बढ़कर $81 प्रति औंस के स्तर के पार कारोबार करते नजर आए।