Ghaziabad Suicide Case: गाजियाबाद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बीती रात करीब 2 बजे टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। तीनों बहनें सोसायटी के B-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं। उन्होंने 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। लड़कियों के पिता का नाम चेतन कुमार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को मौके से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में बताया गया है कि आत्महत्या की वजह मोबाइल गेमिंग ऐप है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रात में जब पूरा परिवार सो रहा था, तब तीनों बहनें प्लास्टिक की कुर्सी लगाकर 9वीं मंजिल पर पहुंचीं और कूद गईं। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है।
टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं बहनें
बताया जा रहा है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं और गेम की आदी हो गई थीं। पुलिस के अनुसार, परिवार इस आदत के खिलाफ था और माता-पिता उन्हें गेम खेलने से रोकते थे। लड़कियों के नाम निशिका (16 साल), प्राची (14 साल) और पाखी (12 साल) हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आत्महत्या की असली वजह क्या है या इसके पीछे कोई और कारण भी है।
कोरोना के समय लगी इस गेम की आदत
जानकारी के मुताबिक, कोरोना महामारी के दौरान तीनों बहनों को ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी। वे हर काम एक साथ करती थीं, जैसे खाना, पढ़ाई, सोना और बाकी रोजमर्रा की चीजें। पुलिस का कहना है कि लड़कियां नियमित रूप से स्कूल भी नहीं जा रही थीं। फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।