First Period Celebration: भारत विविधताओं का देश है, जहां हर कुछ दूरी पर रहन-सहन, भाषा, खानपान और परंपराएं बदल जाती हैं। कई राज्यों में आज भी बेटियों के जीवन के अहम पड़ावों को खास अंदाज में मनाने की परंपरा है। ऐसी ही एक रस्म का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक परिवार अपनी बेटी के पहली बार पीरियड्स आने पर जश्न मनाता नजर आ रहा है।
पहली माहवारी पर खास रस्में
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि घर की महिलाओं ने लड़की को साड़ी से बने पर्दे के पीछे बैठाया है। परिवार के सदस्य पर्दे के सामने से उसे उपहार देते दिखाई दे रहे हैं। जहां समाज के कुछ हिस्सों में आज भी माहवारी को लेकर संकोच या भेदभाव देखने को मिलता है, वहीं यह परिवार खुले तौर पर इसे उत्सव की तरह मना रहा है।
सोने के गहनों से की ‘गोद भराई’
वीडियो में लड़की के पिता उसे सोने के आभूषण और नकद राशि देते नजर आते हैं। इतना ही नहीं, वह बेटी के पैर छूकर आशीर्वाद भी लेते हैं। इसके बाद आरती की थाली लाई जाती है, जिसमें फल और सैनिटरी पैड रखे हुए हैं। छोटी उम्र का भाई भी बहन के पैर छूता दिखता है। सभी रस्मों के बाद पिता बेटी को गले लगाते हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रहे अलग-अलग रिएक्शन
यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट pinkyshahi90 से शेयर किया गया है, जिसे लाखों लोग देख चुके हैं। वीडियो पर यूजर्स के मिले-जुले रिएक्शन सामने आ रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे अनोखी और सकारात्मक पहल बताया, तो कुछ ने ऐसी रस्मों पर सवाल भी उठाए। वहीं कई यूजर्स का मानना है कि माहवारी जैसे विषय को सामान्य बनाने के लिए इस तरह की सोच समाज में बदलाव ला सकती है।