Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। मेले में दो अलग-अलग घटनाओं ने अफरा-तफरी मचा दी। पहली घटना में एक झूला अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से करीब 13 लोग घायल हो गए। हादसे के वक्त लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे इंस्पेक्टर रैंक के एक पुलिस अधिकारी भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में मौत हो गई। दूसरी घटना में मेले के गेट नंबर-2 के पास बना स्वागत द्वार गिरने से दो अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से मचा हड़कंप
मेले में हुआ पहला हादसा उस समय हुआ, जब ‘सुनामी’ नाम का झूला अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इस घटना में 13 लोग घायल हो गए। झूला गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया। इस दौरान राहत कार्य में जुटे एक इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को गंभीर चोटें आईं, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हादसे के बाद जिला उपायुक्त और पुलिस कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्वागत द्वार गिरने से भी घायल हुए लोग
इसी मेले में दूसरी घटना गेट नंबर-2 के पास हुई, जहां स्वागत द्वार गिरने से दो लोग घायल हो गए। डीसीपी मकसूद अहमद ने बताया कि झूला गिरने की घटना की जांच की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है और दो पुलिसकर्मी भी इस हादसे में जख्मी हुए हैं। उन्होंने कहा कि झूला संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और घायलों की सही संख्या की पुष्टि की जा रही है।
CM नायब सिंह सैनी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सूरजकुंड मेले में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। साथ ही घायलों को तत्काल और बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।