Cylinder Delivery Update: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच देश में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर दबाव देखा जा रहा है। ऐसे में सरकार उपभोक्ताओं की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नए नियम लागू कर रही है। इसी कड़ी में अब एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए OTP अनिवार्य कर दिया गया है। नए नियम के मुताबिक, ग्राहक को OTP बताए बिना सिलेंडर नहीं मिलेगा। यह व्यवस्था धीरे-धीरे पूरे देश में लागू की जा रही है और दिल्ली-मुंबई जैसे बड़े शहरों में कई जगह पहले से लागू भी है।
क्यों जरूरी हुआ OTP नियम
सरकार का मकसद फर्जी डिलीवरी, जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाना है। अब जब भी सिलेंडर डिलीवर होगा, ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। यह OTP डिलीवरी बॉय को बताना होगा, जिसे वह अपने सिस्टम में दर्ज करेगा। इसके बाद ही डिलीवरी पूरी मानी जाएगी। अगर OTP नहीं दिया गया, तो सिलेंडर नहीं मिलेगा। इस OTP को “डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड” कहा जाता है, जो यह सुनिश्चित करता है कि सिलेंडर सही ग्राहक तक पहुंचा है।
ग्राहकों को क्या फायदा होगा
पहले कई शिकायतें आती थीं कि गैस एजेंसी के कर्मचारी बिना सिलेंडर दिए ही डिलीवरी दिखा देते थे और सिलेंडर को ब्लैक में बेच देते थे। लेकिन अब OTP सिस्टम के बाद ऐसा करना मुश्किल हो जाएगा। जब तक डिलीवरी बॉय ग्राहक से OTP लेकर सिस्टम में दर्ज नहीं करेगा, तब तक डिलीवरी पूरी नहीं मानी जाएगी। कुल मिलाकर यह नया नियम ग्राहकों को सही समय पर सही डिलीवरी सुनिश्चित करेगा और गैस वितरण में हो रही गड़बड़ियों पर काफी हद तक रोक लगाएगा।