टेमासेक के साथ निवेश पर चर्चा
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनकी सिंगापुर की निवेश कंपनी Temasek Holdings के चेयरमैन टीओ ची हियान और उनकी टीम के साथ सकारात्मक व परिणामकारी बैठक हुई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश में डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स हब, अक्षय ऊर्जा और औद्योगिक ढांचे जैसे क्षेत्रों में संप्रभु निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की उद्योग अनुकूल नीतियों और फास्ट-ट्रैक क्लियरेंस प्रणाली को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रमुखता से रखा गया। टेमासेक उत्तर प्रदेश में अस्पताल और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में करीब 1,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।
2017 के बाद दूसरा आधिकारिक विदेश दौरा
मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ का यह दूसरा आधिकारिक विदेशी दौरा है। इससे पहले वह 2017 में म्यांमार गए थे। उत्तर प्रदेश में जापान और सिंगापुर की कई कंपनियां पहले से कार्यरत हैं, ऐसे में इस दौरे से मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक निवेश को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सिंगापुर और जापान में निवेशक बैठकें
23 और 24 फरवरी को सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री 25 प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। जिन क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा, उनमें लॉजिस्टिक्स व इंडस्ट्रियल पार्क, डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर, एग्रीबिजनेस, एविएशन इंजीनियरिंग, क्लीन एनर्जी, फिनटेक, स्टार्टअप, हॉस्पिटैलिटी, थीम पार्क और पूंजी निवेश शामिल हैं। इसके बाद 25 और 26 फरवरी को जापान दौरे में वे आठ प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। यहां ऑटोमोबाइल व सप्लाई चेन, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन हाइड्रोजन, एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी जैसे सेक्टरों पर चर्चा केंद्रित रहेगी।