CM Yogi Japan Visit: सीएम योगी 22 फरवरी से जापान के दौरे पर रवाना होंगे। इस आधिकारिक यात्रा के दौरान वे वहां की उन्नत रेल तकनीक का प्रत्यक्ष अनुभव लेंगे। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री 600 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से चलने वाली मैग्लेव ट्रेन में सफर करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में आधुनिक ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर (Transport Infrastructure) के विस्तार की संभावनाओं को तलाशना बताया जा रहा है।
मैग्लेव ट्रेन की क्या है खासियत?
जापान में विकसित मैग्लेव (Magnetic Levitation) ट्रेन पारंपरिक ट्रेनों से बिल्कुल अलग तकनीक पर आधारित है। यह ट्रेन चुंबकीय शक्ति (Magnetic Force) के जरिए पटरी से ऊपर हवा में तैरते हुए चलती है, जिससे घर्षण (Friction) लगभग समाप्त हो जाता है और बेहद तेज रफ्तार संभव हो पाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस हाई-स्पीड ट्रेन में करीब 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा (Trial Ride) करेंगे।
जापान में टोक्यो से नागोया के बीच प्रस्तावित मैग्लेव कॉरिडोर को 2027 तक शुरू करने की दिशा में तेजी से काम जारी है। इस प्रोजेक्ट को भविष्य की रेल व्यवस्था का अहम कदम माना जा रहा है, जहां 600 किमी प्रति घंटा से ज्यादा की स्पीड हासिल की जा सकती है। सीएम योगी का यह दौरा तकनीकी सहयोग और निवेश (Investment) के नए अवसरों को भी बढ़ावा दे सकता है।