सुबह से फिर शुरू हुई कांसुलर सेवाएं
हालिया चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की बड़ी जीत के बाद नई सरकार ने संकेत दिए हैं कि वह भारत के साथ संबंधों को जल्द सामान्य करना चाहती है। कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, नई नेतृत्व टीम इस बात को समझती है कि क्षेत्रीय और आर्थिक दृष्टि से भारत की भूमिका बांग्लादेश के लिए महत्वपूर्ण है।
शुक्रवार सुबह से ही कांसुलर सेवाएं बहाल कर दी गईं। अब भारतीय नागरिकों को पर्यटक, मेडिकल सहित सभी श्रेणियों के वीजा उपलब्ध होंगे। पहले कुछ श्रेणियों, जैसे बिजनेस और वर्क वीजा पर पूरी तरह रोक नहीं थी, लेकिन अब सभी सेवाएं पूरी तरह से चालू कर दी गई हैं।
भारत की ओर से भी सकारात्मक रुख
बांग्लादेश की पहल के बाद भारत की तरफ से भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। सिलहट में भारत के वरिष्ठ कांसुलर अधिकारी अनिरुद्ध दास ने कहा कि नई दिल्ली भी बांग्लादेशी नागरिकों के लिए सभी वीजा सेवाएं बहाल करने की तैयारी कर रहा है।
दिसंबर में वीजा सेवाएं इसलिए सीमित की गई थीं क्योंकि बांग्लादेश में भारत-विरोधी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। उस समय भारत-विरोधी माहौल बना और कुछ स्थानों पर हिंदू समुदाय पर हमलों की खबरें भी सामने आईं, जिससे नई दिल्ली ने नाराजगी जताई और दोनों देशों के बीच वीजा सेवाएं प्रभावित हुईं।
क्या पहला विदेश दौरा भारत होगा?
पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के कार्यकाल में रिश्तों में खिंचाव देखा गया था। हालांकि, तारिक रहमान के नेतृत्व में स्थिति बदलती दिख रही है। हाल ही में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया और नरेंद्र मोदी का निजी संदेश भी सौंपा, जिसमें भारत आने का आमंत्रण शामिल था।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि तारिक रहमान अपना पहला विदेशी दौरा किस देश से शुरू करते हैं। परंपरागत रूप से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पहले भारत आते रहे हैं, हालांकि पिछले वर्ष यह परंपरा टूट गई थी।