Bangladesh Election Result: बांग्लादेश चुनाव में BNP की बड़ी जीत, तीन हिंदू उम्मीदवार बने सांसद

Bangladesh Election Result: बांग्लादेश में हुए आम चुनाव के रिजल्ट घोषित हो चुके हैं और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। इस पार्टी के तीन हिंदू उम्मीदवार भी जीतकर सांसद बन गए हैं। जानिए कौन हैं वो?

Bangladesh Election Result: बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में Bangladesh Nationalist Party (BNP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 299 में से 211 सीटों पर जीत दर्ज की। तारिक रहमान के नेतृत्व में पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि उसके मुख्य प्रतिद्वंद्वी Jamaat-e-Islami को 68 सीटों से संतोष करना पड़ा। अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चल रही बहस के बीच इस चुनाव में तीन हिंदू उम्मीदवारों का संसद पहुंचना खास तौर पर चर्चा में है। अहम बात यह है कि ये तीनों उम्मीदवार BNP के टिकट पर चुनाव जीतकर आए हैं।

ढाका-3 से गायेश्वर चंद्र रॉय की जीत

वरिष्ठ नेता गायेश्वर चंद्र रॉय ने ढाका-3 सीट से जीत दर्ज की। वे BNP की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य हैं और पहले राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। रॉय को 99,163 वोट मिले और उन्होंने जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार मोहम्मद शाहीनुर इस्लाम को पराजित किया।

मगुरा-2 से निताई रॉय चौधरी विजयी

दूसरे हिंदू सांसद निताई रॉय चौधरी ने मगुरा-2 संसदीय क्षेत्र से जीत हासिल की। उन्होंने जमात-ए-इस्लामी के मुस्तर्शीद बिल्लाह को 30 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया। चौधरी को 1,47,896 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 1,17,018 वोट प्राप्त हुए। उल्लेखनीय है कि निताई रॉय चौधरी और गायेश्वर चंद्र रॉय आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं।

रंगमती से दीपेन दीवान की जीत

तीसरे हिंदू उम्मीदवार एडवोकेट दीपेन दीवान ने रंगमती सीट से चुनाव जीता। उनका मुकाबला निर्दलीय प्रत्याशी पहल चकमा से था। दीवान को 31,222 वोट मिले, जबकि चकमा को 21,544 मत प्राप्त हुए। कुल मिलाकर, BNP की प्रचंड जीत के साथ इन तीन हिंदू नेताओं का संसद पहुंचना बांग्लादेश की नई राजनीतिक तस्वीर में एक महत्वपूर्ण पहलू बनकर उभरा है।

 

Bangladesh Election Result
Comments (0)
Add Comment