Amit Shah West Bengal Visit: अमित शाह जारी करेंगे TMC के खिलाफ चार्जशीट, क्या होंगे बड़े खुलासे?

Amit Shah West Bengal Visit: BJP के चुनाव प्रचार को तेज करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के दौरे पर जाने वाले हैं। वह एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में TMC सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करेंगे।

Amit Shah West Bengal Visit: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर जारी BJP के अभियान के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 28 मार्च को राज्य का दौरा करेंगे। इस दौरान वे एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें ममता बनर्जी की पार्टी TMC के खिलाफ औपचारिक तौर पर चार्जशीट जारी की जाएगी। इस दस्तावेज में सत्ताधारी दल पर लगाए गए BJP के आरोपों का पूरा विवरण शामिल होगा।

भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर फोकस

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस चार्जशीट में TMC सरकार के कार्यकाल के दौरान कथित भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलताओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। BJP के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि इसमें भर्ती घोटालों, वित्तीय गड़बड़ियों और प्रशासनिक लापरवाही जैसे मामलों का विस्तृत जिक्र हो सकता है।

श्वेत पत्र भी करेगी जारी

चार्जशीट के साथ ही BJP एक श्वेत पत्र भी जारी करने की तैयारी में है, जिसमें TMC सरकार के 15 साल के शासन को ‘कुशासन और भ्रष्टाचार’ के तौर पर पेश किया जाएगा। इस दस्तावेज में पार्टी अपने आरोपों के समर्थन में आंकड़े और केस स्टडी भी पेश कर सकती है।

‘माफिया राज’ के मुद्दे को बनाएगी हथियार

BJP पश्चिम बंगाल में कथित ‘माफिया शासन’ के मुद्दे को भी जोर-शोर से उठाने की रणनीति बना रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अगर वे सत्ता में आते हैं, तो कोयला, रेत और पत्थर खनन से जुड़े अवैध नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और संसाधनों के प्रबंधन में पारदर्शिता लाई जाएगी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

 

Amit Shah West Bengal Visit
Comments (0)
Add Comment